गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 4 साल की मासूम बच्ची के साथ अनाचार की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मासूम बीते देर शाम से लगभग 4 घंटे तक लापता थी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
खोजबीन के दौरान बच्ची को संदिग्ध अवस्था में पाया गया, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने मौके से आरोपी युवक को पकड़ लिया, जिसकी पहचान रेवा दीवान के रूप में हुई है। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को बंधक बनाकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही छुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी को अपने हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं बच्ची को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
इस घटना से गांव के लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
छुरा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अनाचार की आशंका लग रही है। मेडिकल रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।