रीवा में खौफनाक वारदात: तिलक से पहले भांजे ने मामा को पीट-पीटकर मार डाला, अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा

Horrific incident in Rewa: Nephew beats uncle to death before Tilak ceremony, sensational revelation of blind murder

रीवा – मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

रीवा जिले के पनवार थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। 19 अप्रैल को हुई राम सुजान कोल की निर्मम हत्या के पीछे कोई और नहीं, बल्कि उनका सगा भांजा ही निकला। आरोपी अरुण कोल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि जिस दिन घटना हुई, उसके अगले ही दिन आरोपी का तिलक होना था। लेकिन शादी तय किए जाने और संपत्ति विवाद को लेकर वह अंदर ही अंदर गुस्से में था।

लाठी-डंडों से पीटकर उतारा मौत के घाट

घटना वाले दिन घर में विवाद बढ़ गया। मामा राम सुजान जब समझाने पहुंचे, तो भांजे अरुण ने आपा खो दिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही राम सुजान की मौत हो गई।

परिजनों की चुप्पी ने बढ़ाई गुत्थी- शुरुआत में मामला पूरी तरह अंधा कत्ल लग रहा था। परिजन भी पुलिस को गुमराह करते रहे, जिससे जांच उलझती गई। लेकिन पुलिस ने सख्ती और तकनीकी जांच के दम पर सच्चाई बाहर निकाल ही ली।

एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद की बात भी सामने आई है। वहीं थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय ने बताया कि आरोपी अविवाहित था और उसी दिन उसका तिलक चढ़ने वाला था।

एक रिश्ते का खौफनाक अंत

इस वारदात ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। जहां एक ओर घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर गुस्से और विवाद ने एक जिंदगी खत्म कर दी।

Exit mobile version