छत्तीसगढ़

लैलूंगा में दिल दहला देने वाली वारदात: महिला और 10 माह की मासूम की हत्या, दुष्कर्म की आशंका पर जांच

Horrific incident in Lailunga: Woman and 10-month-old infant murdered; investigation underway into suspected rape.

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। क्रोंधा कांड के ठीक बाद, जिले में दूसरा सबसे सनसनीखेज ‘डबल मर्डर’ लैलूंगा के छापरपानी गांव में सामने आया। जहां गांव के बोर घर में रह रही महिला के पास देर रात गलत इरादे से पहुंचे अज्ञात युवक ने उसकी ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। आरोपित ने वारदात का इकलौता गवाह बनी 10 माह की मासूम बच्ची को भी किसी ठोस वस्तु से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान बरत नाग (35 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके पति की करीब पांच वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। पति की मौत के बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी,कुछ साल पहले एक व्यक्ति ने उसे पत्नी बनाकर रखा था। लेकिन मानसिक हालत के चलते उसने भी उसे छोड़न दिया जिसकी चर्चा गांव में आम है। वहीं वह अपनी 10 माह की बच्ची के साथ छापरपानी गांव में स्थित प्रह्लाद बेहरा के खेत मे स्थित बोर घर में रहती थी और लोगों से मांगकर किसी तरह अपना जीवनयापन कर रही थी।

बताया जा रहा है कि 16 जुलाई की रात अज्ञात व्यक्ति गलत इरादे से बोर घर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसने महिला पर ईंट से हमला कर दिया। आरोपित ने महिला के चेहरे पर लगातार प्रहार किए, जिससे उसकी मौत अस्पताल मे उपचार के दौरान हो गई। वारदात के दौरान मासूम बच्ची भी वहां मौजूद थी। आरोपित ने बच्ची पर भी किसी ठोस वस्तु से हमला किया, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और उसकी मौत घटनास्थल में हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी ग्रामीणों को मिलने पर पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या संबंधी धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास मिले सुरागों के आधार पर आरोपित की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

घटनास्थल पर अर्धनग्न अवस्था में मिला महिला का शव, दुष्कर्म की आशंका पर भी जांच

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस दुष्कर्म या दुष्कर्म के प्रयास सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों एवं वारदात की पूरी परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल अज्ञात आरोपित की तलाश तेज कर दी गई है।

बेख़ौफ़ अपराधी 5 दिनों में दो ‘डबल मर्डर’ समेत 4 बड़ी वारदातें

रायगढ़ जिला इस वक्त लगातार हो रहे हत्या के मामलों से दहल उठा है, जहां महज 5 दिनों के भीतर 2 दिल दहला देने वाले डबल मर्डर सहित कुल चार बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

15 जुलाई को धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा (देवमारीडांड) में रिटायर्ड कर्मचारी मंगलूराम राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनाई बाई (55) की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।

लैलूंगा (भकुर्रा) – दोस्त ने शील-पत्थर से कुचला सिर

लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम भकुर्रा में आपसी रंजिश और शराब के नशे में विवाद के चलते एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। लैलूंगा पुलिस ने डॉग स्क्वाड ‘रूबी’ की मदद से घटना के 72 घंटे के भीतर आरोपित दोस्त भुवनेश्वर यादव (26) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।

धरमजयगढ़ (मस्जिदपारा) – मामूली बात पर पत्नी की पीट-पीटकर हत्या

धरमजयगढ़ के ही मस्जिदपारा में झाड़ियों के बीच बोरी में लिपटा एक 48 वर्षीय महिला (राजकुमारी चौहान) का शव बरामद हुआ। पुलिस जांच में पता चला कि मोबाइल गिरवी रखने के मामूली विवाद पर उसके आदतन अपराधी पति (मोहब्बत चौहान) ने लकड़ी के भारी पट्टे से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button