जशपुरनगर में भीषण बस हादसा: तेज रफ्तार बस पलटी, 5 की मौत, 24 से ज्यादा घायल

Horrific bus accident in Jashpurnagar: High-speed bus overturns, 5 killed, more than 24 injured

जशपुरनगर: छत्तीसगढ़ के जशपुरनगर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तपकरा थाना क्षेत्र के गोड़अंबा गांव के पास तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के कुरडेग से छत्तीसगढ़ के कुनकुरी तक चलने वाली अनमोल बस शुक्रवार सुबह अपने तय रूट पर चल रही थी। बस सुबह लगभग 10 बजे गोड़अंबा गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान एक पुल के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस पलटने के बाद कई यात्री वाहन के नीचे दब गए। बताया जा रहा है कि इसी कारण पाांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को तुरंत कुनकुरी अस्पताल और जिला अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। सीएम कैंप कार्यालय बगिया ने भी घायलों के इलाज के लिए तत्काल निर्देश दिए हैं। सीएम हाउस बगिया के निर्देश पर तीन एंबुलेंस घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए भेजी गई हैं।

Exit mobile version