CGPSC अध्यक्ष नियुक्ति में देरी पर हाईकोर्ट नाराज

High Court expresses displeasure over delay in appointment of CGPSC Chairperson

बिलासपुर। हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सख्ती दिखाई है। चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

हालांकि, सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अगले दो सप्ताह के भीतर अध्यक्ष नियुक्त कर दिया जाएगा।

कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करने दिया सुझाव

वहीं, मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू कराने में हो रही देरी का मुद्दा भी उठा। इस पर याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि यदि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में समय लग रहा है तो इंटरव्यू कराने के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद भी हो रही देरी

बता दें कि, हाईकोर्ट ने 26 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में निर्देश देते हुए आयोग और राज्य सरकार को 10 दिन का समय दिया था। कहा था कि अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति कर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कदम उठाए जाएं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।

14 दिसंबर को फिर होगी सुनवाई

हाईकोर्ट ने CGPSC और राज्य सरकार को 14 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई में नियुक्ति की प्रगति बताने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने अपेक्षा जताई है कि तब तक आयोग में अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी।

ऐसा नहीं होने पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। मामले में CGPSC की ओर से कुछ दस्तावेज भी पेश किए गए, जिन्हें हाई कोर्ट ने रिकॉर्ड पर लिया है।

Exit mobile version