कोर्ट में एसडीएम जैन और अधिवक्ता राजेंद्र के बीच तीखी बहस, एसडीएम ने लगाया यह आरोप

रिपोर्टर : सुभाष मिश्रा

रीवा। रीवा के एसडीएम कोर्ट में एसडीएम सत्येंद्र जैन और अधिवक्ता राजेंद्र गौतम के बीच तीखी बहस हो गई। एसडीएम ने अधिवक्ता पर चिल्लाते हुए कहा,’ सही कर दूंगा’, यह मेरा कोर्ट है। दो मिनट में सिखा दूंगा’।

मामला 19 जुलाई का है, इसका वीडियो बुधवार को सामने आया। अधिवक्ता ने कलेक्टर से शिकायत की है, उधर एसडीएम ने अधिवक्ता पर दलाली और पक्ष में फैसला देने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है।

दरअसल पूरा मामला राजस्व के एक विवाद से जुड़ा हुआ है। पवन कुमार पांडे और जितेंद्र कुमार पांडे ने जमीनी मामले को लेकर एसडीएम कोर्ट में अपील की थी। जिसमें कहा हमारे सहखाते की जमीन को साठं गांठ कर गलत तरीके से आनंद कली और अन्य के नाम पर कर दिया गया है। अपील में तहसीलदार के आदेश को एसडीएम कोर्ट में चुनौती दी गई। सुनवाई कर एसडीएम ने अगली तारीख दे दी।अधिवक्ता ने रोज-रोज समय न होने की बात कही,जिस पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उसके बाद एसडीएम और अधिवक्ता में बहस हो गई।

एसडीएम सत्येंद्र जैन का कहना है, चिल्लाने की शुरुआत अधिवक्ता ने की थी। वह एसडीएम कोर्ट के अंदर मुझे अभद्रता कर रहे थे। इसके विरोध में मैंने उन्हें आईना दिखाया। अधिवक्ता मुझ पर अपने क्लाइंट के पक्ष में फैसला करने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। मैं राजी नहीं हुआ तो, उन्होंने मुझे उकसाने का काम किया फिर साजिश के तहत मेरा वीडियो बना लिया। इन लोगों के द्वारा जाति प्रमाण पत्र में भी दलाली की जाती थी। जो मेरे आने से बंद हो गई इसलिए मुझे बदनाम करने की साजिश की गई है।

अधिवक्ता राजेंद्र गौतम का कहना है, ‘एसडीएम ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए, मुझे सबके सामने जलील किया है। कोई कितने भी बड़े पद पर क्यों ना बैठा हो, उसे इस तरह से चिल्लाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने किस तरह से सबके सामने धमकी दी है। वह वीडियो में साफ तौर पर देखा और सुना जा सकता है। मामले में कार्यवाही होनी चाहिए। ताकि अन्य अधिकारियों तक एक कड़ा संदेश जाए। मैंने पूरे मामले की लिखित शिकायत भी की है।’

Exit mobile version