बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) कलेक्टर के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार साप्ताहिक टीएल बैठक के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय परिसर में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के साथ-साथ जनदर्शन में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले ग्रामीणों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
शिविर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुर्वेदिक काढ़े का वितरण किया जाता है। साथ ही आयुर्वेदिक दवाओं का निःशुल्क वितरण कर ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जांच की जाती है तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया जाता है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों के स्वास्थ्य में सुधार लाना, आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना है। विशेष रूप से जनदर्शन में दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीण भी अपनी प्रशासनिक समस्याओं के साथ स्वास्थ्य जांच एवं आयुर्वेदिक उपचार का लाभ आसानी से प्राप्त कर रहे हैं।
शिविर का संचालन शिविर प्रभारी डॉ. हसन इकबाल, डॉ. बीरबल सिंह, फार्मासिस्ट मिथलेश कुमार जगत तथा एमपीडब्ल्यू उमेश जायसवाल के द्वारा किया जा रहा है। आयुष विभाग द्वारा प्रत्येक सोमवार नियमित रूप से इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
