छत्तीसगढ़

स्कूल में हेडमास्टर की शराबखोरी, मचा बवाल

Headmaster's drinking at school sparks an uproar.

बिश्रामपुर: जिले के ग्राम पंचायत साल्ही स्थित शासकीय प्राथमिक शाला खोरखोरी पारा में पदस्थ प्रधान पाठक हरिनंदन सिंह का शराब के नशे में स्कूल पहुंचना और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित होने के बाद कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला खोरखोरी पारा में पदस्थ प्रधान पाठक हरिनंदन सिंह के स्कूल में नशे की हालत में पहुंचने और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने की बात सामने आई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए थे।

कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित रामानुजनगर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अवधेश साहू द्वारा मामले की जांच की गई। जांच के दौरान वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर प्रधान पाठक के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है।

शिक्षा विभाग पर बार-बार उठ रहे सवाल

स्कूल जैसे जिम्मेदार संस्थान में शिक्षकों के आचरण को लेकर यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले में कुछ शिक्षकों के शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने की शिकायतें सामने आती रही हैं। कई मामलों में विभाग ने कार्रवाई भी की है। इसके अलावा शिक्षकों की अनुशासनहीनता और आपत्तिजनक गतिविधियों से जुड़े मामलों ने भी समय-समय पर शिक्षा विभाग की छवि को प्रभावित किया है।

Related Articles

Back to top button