छत्तीसगढ़
संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग द्वारा नवीनीकृत मुस्कान दिव्यांग विद्यालय का हस्तांतरण समारोह सम्पन्न
Handing over ceremony of Muskan Divyang Vidyalaya renovated by the Corporate Social Responsibility Department of the plant was held.

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग, द्वारा 04 नवम्बर 2025 को सेक्टर-2, भिलाई स्थित मुस्कान दिव्यांग विद्यालय में परिसर नवीनीकरण उपरांत हस्तांतरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवीनीकृत विद्यालय परिसर का हस्तांतरण प्राचार्य श्री अशोक साहू को विलेख के रूप में प्रमाण पत्र प्रदान कर किया गया। मुस्कान मानसिक दिव्यांग विद्यालय एवं पुनर्वास केंद्र त्रिविधा विकास समिति द्वारा संचालित है, जिसके निदेशकगण श्री अजय कांत भट्ट, श्री सुधीर जोशी, श्री अशोक कुमार गुप्ता एवं श्री सनत कुमार जैन हैं।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (शॉप्स) श्री हरीश कुमार सचदेव थे व विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग) श्री शिवराजन, उप महाप्रबंधक (निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग) श्रीमती अपर्णा चंद्रा, उप प्रबंधक (निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग) श्री के.के. वर्मा रहे। इसके अतिरिक्त विभागीय कर्मचारी श्री बुधेलाल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन श्री सुधीर जोशी ने किया। उन्होंने विद्यालय परिसर के नवीनीकरण कार्यों में निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र के योगदान की जानकारी दी और विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक (शॉप्स) श्री हरीश कुमार सचदेव ने अपने उद्बोधन में मुस्कान दिव्यांग विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक साहू एवं शिक्षकगण द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उन्हें जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण देना अत्यंत प्रशंसनीय प्रयास है। उन्होंने भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर संस्था को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी प्रदान किया।
अपने उद्बोधन में महाप्रबंधक (निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व विभाग) श्री शिवराजन ने बताया कि विद्यालय में बच्चों को शिष्टाचार, व्यवहारिक शिक्षा, अक्षर ज्ञान एवं दैनिक जीवन में आवश्यक कौशल सिखाने का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आर.ई.एस. के माध्यम से विद्यालय परिसर में पेवर ब्लॉक लगवाने का कार्य विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण होते हुए भी सफलतापूर्वक संपन्न किया गया, जिससे परिसर और अधिक सुसज्जित एवं सुरक्षित बन गया है।
कार्यक्रम का संचालन मुस्कान विद्यालय के सदस्य श्री अजय कांत भट्ट द्वारा किया गया व धन्यवाद ज्ञापन श्री अशोक गुप्ता ने दिया।


