छत्तीसगढ़

गुटखा कारोबारी गुरमुख जुमनानी गिरफ्तार

Gutkha businessman Gurmukh Jumanani arrested

भिलाई: स्टेट जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग जिले के गनियारी स्थित सितारा गुटखा फैक्ट्री के संचालक और कुख्यात गुटखा कारोबारी गुरमुख जुमनानी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरमुख जुमनानी ने गुटखा उत्पादन और बिक्री में जीएसटी चोरी कर करोड़ों रुपये का राजस्व नुकसान पहुंचाया है। विभाग इस मामले में अब तक की सबसे बड़ी टैक्स चोरी मानकर जांच को आगे बढ़ा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य जीएसटी कमिश्नर पुष्पेंद्र मीणा ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह मामला गुटखा बिक्री और जीएसटी चोरी से जुड़ा है। 28 जून को स्टेट जीएसटी की विशेष टीम ने दुर्ग के गनियारी स्थित सितारा गुटखा फैक्ट्री और राजनांदगांव जिले के खमतराई गांव में एक साथ फिल्मी अंदाज में छापेमार कार्रवाई की थी। उस दौरान फैक्ट्री से भारी मात्रा में गुटखा बनाने का कच्चा माल, पैकिंग रैपर, तैयार स्टॉक और मशीनें जब्त की गई थी।

गुरमुख जुमनानी कोई नया नाम नहीं है। इससे पहले भी वह नशे के कारोबार में शामिल होने और गैरकानूनी धंधों के आरोप में जेल जा चुका है। स्थानीय स्तर पर इसे गुटखा किंग के नाम से कुख्यात माना जाता है। अधिकारियों के अनुसार गुरमुख जुमनानी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि टैक्स चोरी और अवैध कारोबार की पूरी परतें खोली जा सकें। जीएसटी विभाग अब अन्य सम्बद्ध कारोबारियों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रहा है।

Related Articles

Back to top button