भिलाई इस्पात संयंत्र के जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित, इंदिरा प्लेस, सिविक सेंटर स्थित नेहरू आर्ट गैलरी में राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह 2025 के उपलक्ष्य में फोटोग्राफर्स श्री अनूप कुमार नायक, डॉ हिमांशु गुप्ता और श्री दानेश कुमार सिन्हा द्वारा खींचे गए वन्यजीवों के छायाचित्रों की समूह प्रदर्शनी का उद्घाटन 06 अक्टूबर 2025 को मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) श्री मानस कुमार गुप्ता द्वारा संध्याकाल दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात मुख्य अतिथि श्री मानस कुमार गुप्ता ने प्रदर्शनी के आयोजन की सराहना की। उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार व्यक्त करते हुए लिखा कि यह वन्यजीव छायाचित्र प्रदर्शनी न केवल फोटोग्राफी की उत्कृष्ट कला का परिचायक है, बल्कि प्रकृति एवं जैव विविधता के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम है। अपने छायाचित्रों के माध्यम से फोटोग्राफरों ने प्रकृति, पशु-पक्षी एवं उनके प्राकृतिक परिवेश को बखूबी दर्शाया है। इस प्रकार के आयोजन समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होने के साथ ही आम जनमानस को प्रकृति के संरक्षण हेतु प्रेरित भी करेंगे।
इस समूह प्रदर्शनी में प्रसिद्ध वन्यजीव फोटोग्राफर श्री अनूप कुमार नायक, डॉ हिमांशु गुप्ता और श्री दानेश कुमार सिन्हा द्वारा खींचे गए दुर्लभ और आकर्षक छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं, जो प्रकृति की सुंदरता, जैव विविधता का मनोरम चित्रण प्रस्तुत करते हैं।
इस प्रदर्शनी के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा एक अभिनव पहल की गई। श्री शंकरा विद्यालय की कक्षा 7वीं के बाल कलाकार, मास्टर स्पंदन सेन गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान अपनी सिंथेसाइज़र (की-बोर्ड) पर मनमोहक एकल प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रकार का संगीतमय प्रयोग पहली बार किया गया, जिससे नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला और प्रदर्शनी का वातावरण जीवंत एवं आनंदमय बन गया।
प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह के अवसर पर महाप्रबंधक (सम्पर्क, प्रशासन एवं जनसम्पर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी, सहायक महाप्रबंधक (जनसम्पर्क) श्री जवाहर बाजपेयी, उप प्रबंधक (जनसंपर्क) सुश्री शालिनी चौरसिया तथा संयंत्र के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण सहित आर्ट्स क्लब के सदस्य, इस्पात नगरी के अन्य वरिष्ठ कलाकार एवं फोटोग्राफी प्रेमी तथा आम नागरिक उपस्थित थे।
भिलाई निवासी श्री अनूप कुमार नायक का बचपन से ही प्रकृति, पक्षी एवं वन्यजीव फोटोग्राफी के प्रति गहरा रुझान रहा। वर्तमान में वे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, चरोदा में लोको पायलट (शंटर) के पद पर कार्यरत हैं और देश के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण और पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने पक्षियों के व्यवहार और प्राकृतिक संतुलन को अपने कैमरे में कैद किया है।
डॉ. हिमांशु गुप्ता, वर्तमान में दीर्घायु वार्ड, शहरी सीएचसी, नवापारा अंबिकापुर में कीमोथेरेपी इंचार्ज के रूप में सेवाएं दे रहे हैं और वर्ष 2017 से पक्षी अवलोकन और फोटोग्राफी से जुड़े हैं। इनकी तस्वीरें शांत वातावरण और जीव-जगत के सह-अस्तित्व की गहराई को दर्शाते हैं।
डोंगरगढ़ निवासी श्री दानेश कुमार सिन्हा, जो छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग में सहायक चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, ने बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी से ऑर्निथोलॉजी में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में पक्षियों के अध्ययन और संरक्षण कार्यों में सक्रिय रहे श्री सिन्हा, प्रकृति शोध संस्था के साथ फेलोशिप के अंतर्गत वन्यजीव संरक्षण और अनुसंधान से जुड़े हैं।
यह तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी 06 से 08 अक्टूबर, 2025 तक प्रतिदिन संध्या 5.30 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक आम जनता के अवलोकनार्थ खुली रहेगी।
