अवैध खनिज कारोबार पर सरकार का प्रहार, एक सप्ताह में 8 वाहन जप्त

Government cracks down on illegal mining trade; 8 vehicles seized in a week.

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई, खनिज माफियाओं में हड़कंप

रायपुर। राज्य सरकार की अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ सख्त नीति का असर अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सूरजपुर जिले में एक ही सप्ताह के भीतर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 8 वाहनों को जप्त कर बड़ी कार्रवाई की गई है।

खनिज विभाग और जिला स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा संयुक्त रूप से संचालित सघन जांच अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते पाए गए वाहनों को पकड़ा गया। कार्रवाई के तहत रेत से भरे टीपर सहित ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों को जप्त कर संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

20 जून को प्रतापपुर तहसील के खडगवाँ क्षेत्र और बिश्रामपुर इलाके में जांच के दौरान तीन वाहनों को अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इसके बाद 22 जून को खडगवाँ तथा रूनियाडीह क्षेत्र में पांच अन्य वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 8 वाहनों को जप्त कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

जब्त वाहनों को सूरजपुर, बिश्रामपुर और खडगवाँ थानों में सुरक्षार्थ रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

राज्य सरकार की यह मुहिम प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, राजस्व की सुरक्षा और खनिज संसाधनों के वैधानिक उपयोग को सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम साबित हो रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार पर अंकुश लगने के साथ ही कानून व्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

Exit mobile version