भिलाई में दबंगों का उत्पात, पूर्व सैनिक के घर हमला कर की तोड़फोड़

Goons create ruckus in Bhilai, attack and vandalise ex-serviceman's house

भिलाई। भिलाई कैंप-2 निवासी पूर्व सैनिक राजेश चौधरी ने पड़ोस में चल रहे पार्टी कार्यक्रम के दौरान विवाद होने पर मारपीट, गाली-गलौज, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार घटना 20 मई 2026 की शाम करीब 4 बजे से 5 बजे के बीच की है।

राजेश चौधरी ने बताया कि उनके घर के सामने रहने वाले मनीष देवांगन के यहां पार्टी कार्यक्रम चल रहा था, जहां काफी शोर-शराबा हो रहा था। इसी दौरान दीपक पासी मोटरसाइकिल समेत उनके घर के सामने गिर गया और उसकी बीयर की बोतल टूट गई। राजेश ने दीपक से टूटी बोतल हटाकर सफाई करने को कहा, जिस पर वह भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट कर वहां से चला गया।

शिकायत के मुताबिक कुछ देर बाद दीपक पासी अपने साथियों विशाल सोनकर, नरेश, मनीष देवांगन, अभिषेक सिंह, सुजीत गुप्ता एवं अन्य लोगों के साथ दोबारा वहां पहुंचा। सभी ने एकराय होकर राजेश चौधरी के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई सुनील चौधरी और सन्नी चौधरी के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि झगड़े के दौरान उनकी कार क्रमांक CG07CD6073 के सामने का कांच भी तोड़ दिया गया। जाते-जाते आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में राजेश चौधरी के चेहरे और सीने में चोट आई, जबकि सुनील चौधरी के पैर, सिर और हाथ तथा सन्नी चौधरी के जबड़े और नाक में चोटें आई हैं।

घटना को राजेश चौधरी की बहन मीना देवी और अमित चौधरी ने देखा तथा बीच-बचाव किया। पीड़ित ने बताया कि आरोपितों की गतिविधियां घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Exit mobile version