रायपुर। गैर वातानुकूलित स्लीपर श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने दुर्ग-भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस में भुगतान आधारित बेड रोल सेवा शुरू की है। गाड़ी संख्या 12853/12854 अमरकंटक एक्सप्रेस में यह सुविधा 10 जुलाई से लागू की गई है।
निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध होंगे बेड रोल पैकेट
रेलवे के अनुसार यात्रियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तीन तरह के बेड रोल पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दो बेडशीट, एक तकिया और एक तकिया कवर वाले पैकेट की कीमत 70 रुपये तय की गई है। वहीं, केवल दो बेडशीट का पैकेट 40 रुपये तथा एक तकिया और एक तकिया कवर का पैकेट 30 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है।
अटेंडेंट देंगे सुविधा, भुगतान पर मिलेगी रसीद
यात्रियों को बेड रोल उपलब्ध कराने के लिए ट्रेन में विशेष बेड रोल अटेंडेंट की तैनाती की गई है। मांग के अनुसार अटेंडेंट स्लीपर कोच में ही यात्रियों को बेड रोल उपलब्ध कराते हैं। सेवा का शुल्क लेने के बाद यात्रियों को इसकी रसीद भी दी जाती है। इस व्यवस्था के लिए अमरकंटक एक्सप्रेस के एस-3 कोच की सीट संख्या 79 और 80 बेड रोल अटेंडेंट के लिए आरक्षित की गई हैं।
यात्रियों से मिल रही अच्छी प्रतिक्रिया
रेलवे के मुताबिक सुविधा शुरू होने के बाद यात्रियों का अच्छा सहयोग और सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 10 से 15 बेड रोल पैकेट और 30 से 35 तकियों की मांग दर्ज की जा रही है।
अन्य ट्रेनों में भी विस्तार की तैयारी
रायपुर रेल मंडल का कहना है कि यदि यात्रियों की मांग इसी तरह बनी रहती है तो भविष्य में अन्य ट्रेनों के स्लीपर कोचों में भी भुगतान आधारित बेड रोल सुविधा का विस्तार किया जाएगा।
