अटल परिसर में विकास यात्रा की झलक, तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ
Glimpses of the 'Vikas Yatra' at Atal Parisar: Three-day photo exhibition inaugurated

सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा हुई शामिल
केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों से रूबरू हुए नागरिक
बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा जिला मुख्यालय बलरामपुर स्थित अटल परिसर में तीन दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। 16 से 18 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी में देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को आकर्षक छायाचित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन भूतपूर्व सैनिक देवनंदन दीक्षित ने किया। इस अवसर पर सामरी विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, अपर कलेक्टर आर.एन. पांडेय, भानुप्रकाश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न प्रदर्श पैनलों का अवलोकन कर केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा इन योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया अभियान, लखपति दीदी योजना तथा विकसित भारत संकल्प अभियान सहित अनेक जनहितकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। योजनाओं के प्रभाव को आकर्षक छायाचित्रों, सूचना पटलों, ग्राफिक्स एवं आंकड़ों के माध्यम से सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी का एक प्रमुख आकर्षण देश की आधारभूत संरचना और तकनीकी प्रगति को दर्शाने वाले प्रदर्श हैं। इसमें विश्व के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों, डिजिटल क्रांति, सेमीकंडक्टर निर्माण तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत स्वदेशी रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात में वृद्धि एवं रक्षा क्षेत्र में हुए नवाचारों को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है।
एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी पहलों पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन भी किया जा रहा है, जो आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं हितग्राहियों की प्रेरक सफलता की कहानियों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।
जिला प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा देश की विकास यात्रा की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।



