छत्तीसगढ़

मुंह में दुपट्टा ठूंसकर प्रेमिका की हत्या, रायपुर दहला

Girlfriend murdered by stuffing dupatta into her mouth; Raipur shaken.

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक युवती की हत्या की गुत्थी को खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चार वर्ष पुराने प्रेम संबंध में आई दरार और युवती के चरित्र पर संदेह हत्या की वजह बना। आरोपी ने पहले युवती के मुंह में उसका दुपट्टा ठूंस दिया, फिर उसी से गला घोंट दिया और मौत सुनिश्चित करने के लिए पानी से भरे खेत में उसका सिर डुबो दिया।

पुलिस के मुताबिक, चार अगस्त को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो गले पर चोट और दबाव के निशान मिले। मामले को संदिग्ध मानते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मृतका की पहचान 19 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन, निवासी सिया रेसिडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे, रायपुर के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद खमतराई थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।

माता-पिता के शक ने खोला राज

मृतका के स्वजन और परिचितों से पूछताछ के दौरान उसके माता-पिता ने प्रेमी करण तांडी (23) निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर पर संदेह जताया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी नंदिनी से दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों लंबे समय तक रिश्ते में रहे और करीब छह माह तक साथ भी रहे। बाद में नंदिनी अलग रहने लगी, जिसके बाद आरोपी उसके चरित्र पर संदेह करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

मिलने के बहाने बुलाया, फिर कर दी हत्या

आरोपी के अनुसार, तीन अगस्त की शाम नंदिनी उससे मिलने की उम्मीद में डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र पहुंची थी। शाम करीब छह बजे आरोपी वहां पहुंचा और उसे सुनसान स्थान की ओर ले गया। बातचीत के दौरान उसने नंदिनी से दूसरे युवकों से संबंध होने की बात पूछी। नंदिनी द्वारा इनकार करने पर आरोपी गुस्से में आ गया। उसने पहले दुपट्टा उसके मुंह में ठूंस दिया, फिर उसी से गला कस दिया। इसके बाद यह सुनिश्चित करने के लिए कि वह बच न सके, उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button