छत्तीसगढ़

गैस पाइपलाइन कार्य बना परेशानी का कारण, पानी की लाइन क्षतिग्रस्त

Gas pipeline work causes trouble, water line damaged

रायपुर। रायपुर के जोन-8 के पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-2 की एकता कॉलोनी में पिछले 10 दिन से पानी सप्लाई प्रभावित है। इलाके के रहवासियों ने जल संकट को लेकर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से शिकायत की है। आरोप है कि गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके बाद से कॉलोनी में पानी नहीं पहुंच रहा है।

एकता कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि, भीषण गर्मी में पानी नहीं मिलने से दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। लोगों को पीने के पानी और घरेलू इस्तेमाल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों ने कहा कि, वे रोज कमाने-खाने वाले लोग हैं और पानी की समस्या के कारण काम पर भी नहीं जा पा रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल से चर्चा की। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में गैस पाइपलाइन डालने का काम कर रही एससीजी कंपनी की खुदाई के दौरान कई जगह पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है। पाइपलाइन में लीकेज और मिट्टी भराव के कारण पानी सप्लाई बाधित हो गई है।

जल्द पाइपलाइन सुधारने के दिए निर्देश

आकाश तिवारी ने निगम अधिकारियों से जल्द पाइपलाइन सुधारने की मांग की। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों के लिए गैस पाइपलाइन से ज्यादा जरूरी पेयजल है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कर पानी सप्लाई बहाल करने के निर्देश दिए।

ज्ञापन सौंपने वालों में लता यादव, राधा साहू, कमलावती, रिंकी शर्मा, प्रेमीन बाई, सुमन देवी, उषा सिंह, राजेश्वरी सिंह, रविंद्र कुमार साहू, योगेश्वर लहरे, आरती बाई, महेंद्र मिश्रा, जानकी साहू, सुनीता पंडित समेत बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button