सिंगर को निशाना बनाने की कोशिश, Diljit Dosanjh के मैनेजर के घर गैंग ने फायरिंग की

Gangs open fire at Diljit Dosanjh's manager's house in an attempt to target the singer

मुंबई । पंजाब से सामने आई एक सनसनीखेज घटना ने मनोरंजन जगत में हलचल मचा दी है। मशहूर पंजाबी सिंगर Diljit Dosanjh के मैनेजर गुरप्रताप कांग के घर पर देर रात फायरिंग की गई। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है।

पोस्ट में गैंग की ओर से दावा किया गया कि उन्होंने पहले भी दिलजीत दोसांझ तक संदेश पहुंचाने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी बात को नजरअंदाज किया गया। गैंग ने आरोप लगाया कि दिलजीत के मैनेजर गुरप्रताप कांग शो और इवेंट्स के दौरान लड़कियों का शोषण करते हैं। हालांकि इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में क्या कहा गया?

सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट में गैंग की ओर से कहा गया कि ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान एक लड़की को झूठे सपने दिखाकर उसके साथ गलत व्यवहार किया गया। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि इसी तरह की कई शिकायतें उन्हें और भी लड़कियों से मिली हैं।

गैंग ने दिलजीत दोसांझ को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने अपने मैनेजर को टीम से अलग नहीं किया तो अगली बार और बड़ा नुकसान हो सकता है। पोस्ट में धमकी भरे अंदाज में लिखा गया- ‘आत्मा तुमने छोड़ रखी है, शरीर हम छुड़वा देंगे।’
दिलजीत के पुराने बयान की फिर चर्चा

इस घटना के बाद दिलजीत दोसांझ का एक पुराना बयान भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक शो के दौरान उन्होंने कहा था कि उनका अब इस दुनिया में मन नहीं लगता और वह “अपनी आत्मा छोड़ चुके हैं।” उनके इस बयान को लेकर उस समय भी काफी चर्चा हुई थी।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है। फायरिंग की घटना और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है। अभी तक दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Exit mobile version