चोर गिरोह का पर्दाफाश, झाड़ियों में छुपाई गई छह बाइकें बरामद
Gang of thieves busted, six bikes hidden in bushes recovered

भिलाई: सार्वजनिक स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने चार आरोपितों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से छह चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं।
शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच
मदर टेरेसा नगर, कैम्प-1 भिलाई निवासी सुखदेव पाण्डेय ने 1 जनवरी 2026 को थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर 2025 को नेहरू नगर स्थित अटल प्रतिमा के पास से उनकी स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-07 CL-4739) चोरी हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
विवेचना के दौरान 24 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर लक्ष्मी नगर, सुपेला क्षेत्र से संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने संगठित रूप से विभिन्न स्थानों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया।
झाड़ियों से बरामद हुए चोरी के वाहन
आरोपितों की निशानदेही पर भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के गोठान क्षेत्र के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे गए छह चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें पांच स्प्लेण्डर और एक एक्टिवा शामिल है। सभी वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में हर्ष साहू, गजानंद यादव, देवेन्द्र यादव, अजय पटेल और एक अपचारी बालक के खिलाफ संगठित रूप से चोरी करने का अपराध दर्ज किया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव, सउनि मोतीलाल खुरसे, आरक्षक कमल साहू और संतोष निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



