एयरपोर्ट से अस्पताल तक हाई अलर्ट, छत्तीसगढ़ में इबोला से निपटने की तैयारी तेज
From airport to hospital, Chhattisgarh on high alert as Ebola preparations intensify

रायपुर। दुनियाभर में तेजी से फैल रहे इबोला वायरस को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ ने संक्रमण की रोकथाम को लेकर सभी अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि अगर कोई यात्री संदिग्ध नजर आता है तो उसकी जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाई जाए।
एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम की ओर से जारी निर्देश में रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एयरपोर्ट पर एक नोडल अधिकारी तैनात करने को कहा गया है। यह अधिकारी यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और पूरी व्यवस्था की निगरानी करेगा।
अस्पतालों को भी तैयार रखने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड, रेफरल और इमरजेंसी व्यवस्था तैयार रखने के लिए कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मरीजों का इलाज और प्रबंधन किया जा सके।
कांगो और युगांडा में बढ़े मामले
बता दें कि, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद दुनियाभर में सतर्कता बढ़ाई गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन पहले ही इसे अंतरराष्ट्रीय चिंता का स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर चुका है। इसी को देखते हुए भारत में भी एहतियात बढ़ा दिए गए हैं।



