छत्तीसगढ़

फ्री कोचिंग से अग्निवीर उम्मीदवारों की तैयारी होगी मजबूत

Free coaching will strengthen the preparation of Agniveer candidates

रायपुर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जिले में निशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। यह जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायपुर की पहल है। प्रशिक्षण 4 मई से 4 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें विषय विशेषज्ञ अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी कराएंगे।

अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक चली। इसमें 17 वर्ष 6 माह से 21 वर्ष आयु वर्ग के 8वीं पास से लेकर स्नातक और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। भर्ती में जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क/स्टोर कीपर, ट्रेडमैन और महिला सेना पुलिस सहित कई श्रेणियां शामिल हैं।

जिला और विकासखंड स्तर पर होगा आयोजन

प्रशिक्षण कार्यक्रम को जिला और विकासखंड स्तर पर आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों की संख्या और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर इसे ऑनलाइन या ऑफलाइन मोड में संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक उम्मीदवारों को इसका लाभ मिल सके।

इच्छुक अभ्यर्थी 30 अप्रैल 2026 तक रोजगार विभाग के आधिकारिक पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर पंजीयन कर सकते हैं। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय, रायपुर या दूरभाष नंबर 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button