बलौदाबाजार। शहर में जमीन के सौदे और निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच और पीड़ितों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित अब्दुल हैदर पर दर्जनभर से अधिक लोगों से करीब 10 करोड़ रुपये ठगी कर परिवार सहित फरार होने का आरोप है। हालांकि अभी तक दो-तीन पीड़ितों ने ही थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस का अनुमान है कि ठगी का दायरा इससे कहीं अधिक हो सकता है।
जानकारी के अनुसार आरोपित लोगों को जमीन खरीद-बिक्री, निवेश और सस्ते सौदों का लालच देकर बड़ी रकम लेता था। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपित लंबे समय तक विश्वास बनाए रखता रहा और रजिस्ट्री या सौदा पूरा करने के नाम पर लगातार बहाने बनाता रहा। बाद में वह शहर छोड़कर फरार हो गया।
दो कारोबारियों से ही दो करोड़ की ठगी
शहर के दो कपड़ा व्यापारियों और एक आटो पार्ट्स व्यवसायी से ही आरोपित द्वारा करीब पौने दो करोड़ रुपये लेने की बात सामने आई है। वहीं मिक्सी, चूल्हा और गैस रिपेयरिंग का काम करने वाले एक व्यापारी से करीब 30 लाख की ठगी का आरोप है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपित ने जल्द मुनाफे और जमीन के पक्के सौदे का भरोसा दिलाकर रकम ली, लेकिन बाद में न तो जमीन मिली और न ही पैसा वापस किया गया।
पैसे लेकर ब्लैंक चेक दिए
कोकड़ी के पूर्व सरपंच राजेश्वर बंजारे ने बताया कि उन्होंने जमीन खरीदने के लिए आरोपित को 12.50 लाख दिए थे। इसके बदले आरोपित ने उन्हें कोरे चेक दिए। कई बार रजिस्ट्री के लिए संपर्क करने पर वह अलग-अलग बहाने बनाता रहा। एक बार रजिस्ट्रार कार्यालय बुलाने के बाद भी दस्तावेज अधूरे होने की बात कहकर मामला टाल दिया गया।
अपने समाज के कई लोगों को ठगा
आरोपित ने अपने समाज के लोगों को भी निशाना बनाया। समाज का पूर्व मुतवल्ली होने के कारण उसकी अच्छी पकड़ थी, जिसका फायदा उठाकर उसने कई लोगों से जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लिए। कई लोगों ने बिना लिखित अनुबंध के केवल विश्वास के आधार पर रकम दे दी थी।
आरोपित का मकान बैंक में गिरवी
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित ने अपने जिस मकान में परिवार के साथ निवास किया, उसका भी सौदा कर दिया। उसने खरीददार से करीब 35 लाख रुपये लेकर कब्जा दे दिया, लेकिन बाद में पता चला कि मकान पहले से ही एचडीएफसी बैंक में ऋण के बदले गिरवी रखा हुआ था। इससे खरीददार भी आर्थिक संकट में फंस गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपित की मोबाइल लोकेशन जम्मू-कश्मीर में मिली है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।
कर रहे आरोपित की तलाश
अब्दुल हैदर के खिलाफ दो-तीन शिकायतें दर्ज हुई हैं। उन्हीं के आधार पर आरोपित की तलाश की जा रही है। मोबाइल लोकेशन के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अन्य पीड़ित भी सामने आकर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि सभी मामलों को एक साथ लेकर प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
– लखेश केवट, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी
