बीमारी ठीक करने का झांसा, 150 ग्राम सोना लेकर फरार

Fled with 150 grams of gold after promising to cure an illness.

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में तंत्र-मंत्र और बीमारी ठीक करने का झांसा देकर महिला से करीब 150 ग्राम सोने के जेवर और 9 हजार रुपए ठग लिए गए। 3 आरोपी साधुओं के भेष में महिला के घर आए।उन्होंने बीमारी और आंखों की परेशानी ठीक करने के साथ परिवार की समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया।

इसके बाद पूजा के नाम पर अलग-अलग समय में जेवर लेते रहे। इनमें अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन शामिल हैं। महिला को आरोपी डराते थे कि, यदि जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में अकाल मौत हो सकती है। घटना गंज थाना क्षेत्र में फाफाडीह के जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स की है।

जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, मार्च 2026 में 3 आरोपी साधु बनकर नैना परमार के घर के आसपास पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला की बीमारी और आंखों से जुड़ी परेशानियों के बारे में ऐसी बातें बताईं, जिन्हें महिला ने अपनी निजी स्थिति से जोड़कर देखा।

उसे लगा कि साधुओं को उसके बारे में विशेष जानकारी है। इसके बाद उन्होंने पूजा कराने की बात कही। पहली बार करीब 3 ग्राम सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपए लिए। आरोपियों ने पूजा पूरी होने के बाद सामान लौटाने की बात कही।

हर 10-12 दिन में आते, जेवर लेते रहे

पुलिस शिकायत के अनुसार, करीब 10-12 दिन बाद आरोपी दोबारा पहुंचे और करीब 5 ग्राम की सोने की चेन ली। इसके बाद मोबाइल नंबर देकर फोन पर संपर्क बनाए रखा।

आरोप है कि, दो सप्ताह के अंदर घर आकर पूजा के नाम पर जेवर मांगते रहे। महिला ने करीब 7 बार में करीब 150 ग्राम सोने के जेवर दे दिए। इनमें अंगूठी, चेन, हार, चूड़ियां और कंगन शामिल हैं।

अकाल मौत का डर दिखाकर रखा चुप

महिला के मुताबिक, आरोपी उसे डराते थे कि अगर जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में बड़ी अनहोनी हो सकती है। परिवार के किसी सदस्य की अकाल मौत तक होने की बात कही गई। डर के कारण महिला ने कई महीनों तक पति और परिवार को कुछ नहीं बताया।

जेवर नहीं थे तो फिर फोन करने लगे

7 सितंबर से आरोपी दोबारा सोने-चांदी के जेवर और कैश मांगने लगे। महिला ने सामान नहीं होने की बात कही, लेकिन फोन आते रहे। 25 सितंबर की रात पति जसवंत परमार के घर लौटने पर महिला ने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद पति गंज थाने पहुंचा।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मोबाइल नंबर और बाकी तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।

 

Exit mobile version