रायपुर में पांच साल पुराना राज खुला, तालाब से मिली लापता युवक की बुलेट

Five-year-old mystery solved in Raipur; missing youth's Bullet motorcycle found in pond.

रायपुर। मुजगहन थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी से करीब पांच साल पहले लापता हुए युवक टीकम सिंह ठाकुर उर्फ राजू के मामले में पुलिस ने अब अपहरण का अपराध दर्ज किया है। गुम इंसान की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को प्रथमदृष्टया युवक के अपहरण की आशंका है।

जांच में एक अहम कड़ी उस समय सामने आई, जब युवक के घर से निकलने के दौरान साथ रही बुलेट जून 2026 में संजय तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबी मिली।

रिखीराम से मिलने की बात कहकर घर से निकला था युवक
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिवनी निवासी टीकम सिंह ठाकुर उर्फ राजू 27 जनवरी 2021 की शाम करीब सात बजे अपनी पत्नी सुमनलता को यह बताकर घर से निकला था कि वह रिखीराम पटेल से मिलने जा रहा है। टीकम ने पत्नी को बताया था कि उसका पैसा लगा हुआ है और रकम देने के लिए रिखीराम ने उसे फार्म हाउस के पास बुलाया है।टीकम अपनी बुलेट से घर से निकला था। उस समय वह मोबाइल फोन पर बातचीत भी कर रहा था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।

रात 9:05 बजे के बाद मोबाइल हुआ बंद
काफी देर तक टीकम के घर नहीं लौटने पर रात करीब 9:05 बजे पत्नी और स्वजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की। फोन रिसीव नहीं हुआ और कुछ समय बाद मोबाइल बंद हो गया।

परिजनों ने रिखीराम पटेल से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद स्वजन उसके घर पहुंचे, मगर वहां भी रिखीराम नहीं मिला। टीकम की आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

जून 2026 में तालाब से मिली बुलेट
लापता युवक के मामले में करीब साढ़े पांच साल बाद जून 2026 में महत्वपूर्ण सुराग सामने आया। टीकम जिस बुलेट से 27 जनवरी 2021 को घर से निकला था, वही 13 जून 2026 को संजय तालाब में संदिग्ध हालत में डूबी मिली।

बुलेट मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की परिस्थितियों और जांच में सामने आए तथ्यों को देखते हुए युवक के अपहरण की आशंका जताई। इसके आधार पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ अपहरण का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 27 जनवरी 2021 से अब तक टीकम सिंह ठाकुर उर्फ राजू का कोई पता नहीं चला है।

Exit mobile version