छत्तीसगढ़

टिंबर मार्केट में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने काबू पाया

Fire broke out in Timber Market, Fire Brigade brought it under control

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई इलाके में स्थित टिंबर मार्केट के एक गोदाम में बुधवार-गुरुवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। जिस कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी। हालांकि, भीषण आग के चलते इसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंची। आसपास के इलाके को खाली कराया जा रहा है ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वास्तविक नुकसान और कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button