संजय गांधी अस्पताल के NICU वार्ड में लगी आग, नवजातों को सीने से लगाकर भागे परिजन

Fire breaks out in Sanjay Gandhi Hospital's NICU ward; family members flee clutching newborn babies to their chests

रीवा, मप्र | रिपोर्टर – सुभाष मिश्रा

रीवा के संजय गांधी स्मारक चिकित्सालय में गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU/SNCU) वार्ड में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वार्ड में हुए विद्युत शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़की, जिसके बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया और वहां मौजूद परिजनों व स्टाफ में हड़कंप मच गया।

घटना के दौरान वार्ड में भर्ती नवजात बच्चों के परिजन घबराकर अपने मासूमों को सीने से लगाकर नीचे की ओर भागते नजर आए। अस्पताल परिसर में कुछ देर तक चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बताया जा रहा है कि देर रात NICU वार्ड के एक स्विच बोर्ड से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं। देखते ही देखते वार्ड में धुआं भर गया। धुआं उठते ही वहां मौजूद स्टाफ और परिजनों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल की फायर टीम ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया और अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार स्टाफ की तत्परता से करीब 15 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय वार्ड में 8 नवजात शिशु भर्ती थे, जिन्हें तत्काल सुरक्षित निकालकर दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि किसी भी बच्चे को नुकसान नहीं पहुंचा है और सभी की हालत सामान्य है।

घटना के दौरान सामने आए दृश्य बेहद भयावह थे। वार्ड में धुआं भरते ही कई महिलाएं अपने नवजात बच्चों को सीने से लगाकर रोते-बिलखते अस्पताल से बाहर भागती नजर आईं। बाद में अस्पताल स्टाफ ने परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परिजनों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने अस्पताल में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और फायर सिस्टम पर सवाल उठाए हैं। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

इधर उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा के गांधी स्मारक चिकित्सालय परिसर में बर्न यूनिट का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने बर्न वार्ड के खराब एयर कंडीशनर को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्न वार्ड में संधारित एसी और कूलर हमेशा चालू हालत में रहें। यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी आती है तो तत्काल सुधार कराया जाए और वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर अतिरिक्त एसी व कूलर लगाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version