दुष्कर्म के आरोप में नायब तहसीलदार पर एफआईआर
FIR against Naib Tehsildar on charges of rape.

रायपुर। रायपुर में पदस्थ एक नायब तहसीलदार के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। गंज थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर सूरजपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला दर्ज होने के बाद से अधिकारी के फरार होने की चर्चा है।
पुलिस के मुताबिक युवती और नायब तहसीलदार की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और इसी दौरान आरोपित ने युवती को शादी का भरोसा दिया। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि शादी का वादा कर उसे रायपुर के एक होटल में बुलाया गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।
युवती का आरोप है कि संबंध बनने के बाद जब उसने शादी को लेकर बात की तो दिवाकर भास्कर लगातार टालमटोल करने लगे। बाद में उसे एहसास हुआ कि शादी का आश्वासन देकर उसके साथ धोखे से संबंध बनाए गए हैं। इसके बाद उसने गंज थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार दिवाकर भास्कर वर्तमान में सूरजपुर जिले के लटौरी क्षेत्र में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद से वह पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने 6 जून से मेडिकल लीव ले रखी है और तब से कार्यालय में भी उपस्थित नहीं हुए हैं।
पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। निवास समेत अन्य स्थानों पर भी टीम भेजी गई है। हालांकि देर शाम तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
पुलिस अब मामले से जुड़े सभी तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाल रही है। जांच के दौरान होटल में ठहरने से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवती के बयान और उपलब्ध प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर अपराध दर्ज किया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



