भिलाई में फाइनेंस फ्रॉड का खुलासा, 16 लाख की ठगी
Financial fraud exposed in Bhilai; ₹16 lakh swindled.

भिलाई। फाइनेंस की मासिक किस्तें खुद जमा करने और बदले में आर्थिक लाभ देने का झांसा देकर लोगों के नाम पर लैपटॉप, बाइक और स्कूटी फाइनेंस कराने के आरोप में सुपेला पुलिस ने जसप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता मनीष डहरवाल के मुताबिक आरोपित ने अपने परिचित भोजराज राय उर्फ भोजू के माध्यम से कई लोगों को विश्वास में लेकर उनके नाम पर करीब 16 लाख रुपये के सामान और वाहनों का फाइनेंस कराया। बाद में किस्तें जमा करना बंद कर दिया, जिससे फाइनेंस की देनदारी संबंधित लोगों पर आ गई।
लैपटॉप के लिए मांगी मदद, दो किस्त बाद बंद किया भुगतान
पुलिस के अनुसार मनीष डहरवाल वेल्डिंग और फैब्रिकेशन का काम करता है। करीब तीन-चार माह पहले उसकी पहचान भोजराज के माध्यम से जसप्रीत से हुई। जसप्रीत ने कथित तौर पर अपना काम शुरू करने के लिए लैपटॉप की जरूरत बताई और मनीष से उसके नाम पर लैपटॉप फाइनेंस कराने को कहा। किस्तें खुद जमा करने और आर्थिक लाभ देने का भरोसा दिलाया। मनीष ने लैपटॉप फाइनेंस कर उसे दे दिया। आरोप है कि जसप्रीत ने केवल दो किस्तें जमा कीं और इसके बाद भुगतान बंद कर दिया।
कई लोगों के नाम पर कराए वाहन फाइनेंस
शिकायत में अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की घटना का उल्लेख है। कविता ठाकुर के नाम पर स्कूटी फाइनेंस कराई गई, जिसकी केवल एक किस्त जमा हुई। तरुण दास बंजारे के नाम पर बाइक फाइनेंस कराई गई, जिसकी तीन किस्तों के बाद भुगतान बंद हो गया।
पीयूष धुर्वे ने अपने नाम पर एक बाइक और दो स्कूटी फाइनेंस कर जसप्रीत को देने की बात कही है। वहीं संगीत कुमार ने भी एक बाइक और दो स्कूटी फाइनेंस कराने की शिकायत की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वाहन और सामान लेने के बाद जसप्रीत किस्तें जमा नहीं कर रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस
उससे राशि या सामान वापस मांगने पर वह टालमटोल करता है और कई बार घर पर नहीं मिलता। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जसप्रीत सिंह उर्फ प्रिंस के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भोजराज की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



