लोकेश्वर सिन्हा, गरियाबंद
गरियाबंद। गरियाबंद में कड़कड़ाती ठंड के बीच अमली पदर ब्लाक के खरी पथरा के किसान मुरहा नागेश अपने पूरे परिवार के साथ रातभर से गांधी मैदान में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। चार महीने पहले भी वे अपनी जमीन के मालिकाना हक की मांग को लेकर कलेक्टरेट के सामने भूख हड़ताल कर चुके थे। तब अमलीपदर तहसीलदार ने दो माह के भीतर जमीन दिलाने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक वह वादा पूरा नहीं हुआ। इस बीच दबंगों ने किसान के खेत में खड़ी फसल तक नष्ट कर दी, बावजूद इसके प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।
अब मुरहा नागेश का कहना है कि इस बार वे किसी लिखित भरोसे पर नहीं मानेंगे जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, वे परिवार सहित गांधी मैदान में डटे रहेंगे। वही इस पूरे मामले को लेकर अमली पदर तहसीलदार ने कहा है कि केवल मुरहा नागेश की जमीन में समस्या नहीं है पूरे गांव की जमीन में समस्या है इसके लिए समय लग रहा है और अभी 1 से 2 माह का समय और लगेगा ।