रास्ता बंद कर परिवार को किया परेशान, सरपंच ने अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग
Family harassed by road blockade; Sarpanch demands removal of encroachment.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
दबंगों ने अतिक्रमण कर बंद किया 40 साल पुराना आम रास्ता, सरपंच ने प्रशासन से लगाई गुहार
त्योंथर। तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत अमाव की सरपंच आरती मिश्रा ने गांव के कुछ दबंगों पर आम रास्ते पर अतिक्रमण कर उसे बंद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनके घर तक पहुंचने का यह एकमात्र रास्ता था, जिसका उपयोग पिछले लगभग 40 वर्षों से ग्रामीण करते आ रहे हैं।

सरपंच आरती मिश्रा के अनुसार उनकी शादी को 26-27 वर्ष हो चुके हैं और तब से यही रास्ता उनके परिवार के आवागमन का मुख्य मार्ग रहा है। आरोप है कि दबंगों ने रातों-रात रास्ते पर अतिक्रमण कर उसे पूरी तरह बंद कर दिया, जबकि मामले में न्यायालय से स्टे आदेश भी प्रभावी है।

उन्होंने बताया कि घर में उनकी वृद्ध माता बीमार रहती हैं, जिससे उन्हें उपचार के लिए ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रास्ता बंद होने से पूरे परिवार का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है।
सरपंच ने शासन-प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि तत्काल कार्रवाई कर आम रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि ग्रामीणों और उनके परिवार को आवागमन की सुविधा मिल सके। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण भी प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।



