फर्जी लोन एजेंट का जाल, रायपुर में लोगों को चूना लगाकर करोड़ों की ठगी
Fake loan agent scams Raipur residents out of crores of rupees

रायपुर। राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर एक युवक से 27 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीएसयूपी कॉलोनी दलदल सिवनी निवासी कृष्णा राव ने शिकायत दर्ज कराई है। वह जोमैटो में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करता है और उसकी मासिक आय करीब आठ हजार रुपये है। लगभग छह महीने पहले डिलीवरी के दौरान उसकी मुलाकात होरीलाल पंकज से हुई, जिसने खुद को लोन एजेंट बताया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, होरीलाल ने उसे जितेश कुमार चंद्राकर से मिलवाया। दोनों आरोपितों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पांच हजार रुपये नकद लिए। इसके साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और चेकबुक जैसे जरूरी दस्तावेज भी जमा करा लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपितों ने पीड़ित की जानकारी के बिना विभिन्न बैंकों से उसके नाम पर लोन ले लिया। इनमें आइडीएफसी, एचडीबी, बैंक ऑफ बड़ौदा और यूनियन बैंक शामिल हैं। अलग-अलग तारीखों में कुल 27 लाख 50 हजार रुपये का लोन लिया गया, जिसे आरोपितों ने स्वयं निकाल लिया।
जब पीड़ित को धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उसने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। कम आय होने के कारण वह अब भारी कर्ज के बोझ में दब गया है और आर्थिक व मानसिक परेशानियों से जूझ रहा है।



