लिव-इन पार्टनर की हत्या के बाद ट्रेन से कटकर इंजीनियर की मौत

Engineer dies after being run over by a train following the murder of his live-in partner.

भिलाई। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में रविवार को हत्या के बाद आत्महत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। भिलाई निवासी एक साफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित रूप से अपनी प्रेमिका की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी और इसके बाद गढ़ी हरसरु रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का अभी राजफाश नहीं हुआ है। सेक्टर-56 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृत युवक की पहचान श्रेष्ठ मलिक (25) के रूप में हुई है। वह भिलाई की विश्व बैंक कालोनी का निवासी था और गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। वह पिछले एक वर्ष से सेक्टर-55 स्थित एक अपार्टमेंट में अकेला रह रहा था। मृत युवती की पहचान इशारा अयूबी (25) के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की रहने वाली थीं और उसी कंपनी में साफ्टवेयर इंजीनियर थीं।

तीन दिन पहले पीजी छोड़कर आई थी इशारा

जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले कुछ महीनों से रिलेशनशिप में थे। इशारा तीन दिन पहले ही सेक्टर-57 स्थित पीजी छोड़कर श्रेष्ठ के साथ लिव-इन में रहने आई थीं। स्वजन के अनुसार, शनिवार से इशारा का मोबाइल फोन बंद था। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस श्रेष्ठ के अपार्टमेंट पहुंची। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर बेड पर इशारा का रक्तरंजित शव मिला। गले पर धारदार हथियार के निशान थे और कमरे से खून से सना चाकू भी बरामद किया गया।

रेलवे ट्रैक पर मिला श्रेष्ठ का शव

उधर, शनिवार शाम गढ़ी हरसरु के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। जीआरपी ने उसकी पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में कर स्वजन को सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद जब परिवार घर लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी सेक्टर-56 थाना पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया और युवती की हत्या की जानकारी दी। श्रेष्ठ के पिता दीपक मलिक ने पुलिस को बताया कि उन्हें बेटे के रिश्ते की जानकारी नहीं थी।

फोन चैट और काल डिटेल खंगालेगी पुलिस

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की आशंका है। अब दोनों के मोबाइल फोन, काल डिटेल रिकार्ड, व्हाट्सएप चैट और इंटरनेट मीडिया गतिविधियों की जांच की जाएगी। साथ ही कंपनी के सहकर्मियों, दोस्तों और अपार्टमेंट के अन्य निवासियों से पूछताछ कर घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version