मध्यप्रदेश
अतिक्रमण की आड़ में श्मशान निर्माण पर अड़ंगा, ग्रामीणों में आक्रोश
Encroachment posed as a hurdle to the construction of a crematorium, angering villagers.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा

रीवा/जवा। जनपद पंचायत जवा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत अतरैला में श्मशान घाट निर्माण को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। अतरैला पंचायत क्षेत्र के पूछी तालाब में श्मशान घाट बनाने के लिए जनपद पंचायत से विधिवत मंजूरी मिलने के बाद भी कुछ अतिक्रमणकारी तत्व निर्माण कार्य में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार पंचायत में लंबे समय से श्मशान घाट नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए अतरैला पंचायत ने पूछी तालाब के पास श्मशान घाट निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया था, जिसे जनपद पंचायत जवा से स्वीकृति भी मिल चुकी है।
बताया जा रहा है कि संबंधित विभाग के इंजीनियर द्वारा स्थल का लेआउट भी कर दिया गया है, लेकिन तालाब क्षेत्र में किए गए कथित अवैध अतिक्रमण को बचाने के लिए कुछ लोग श्मशान निर्माण का विरोध कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट बनने से पंचायत के सभी वर्गों के लोगों को सुविधा मिलेगी और अंतिम संस्कार के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। वहीं कुछ लोगों द्वारा निजी स्वार्थ के चलते गरीबों के हित में बनने वाली इस योजना में अड़ंगा लगाया जा रहा है। इधर तालाब में अवैध अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाकर जल्द से जल्द श्मशान घाट का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि पंचायत के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिल सके।



