अनियमितताओं के चलते बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी निलंबित
Electricity department officials and employees suspended due to irregularities

जांजगीर। जिले में रिश्वतखोरी के एक गंभीर मामले में विद्युत वितरण कंपनी ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने बिजली विभाग जांजगीर के एक सहायक अभियंता (एई), एक कनिष्ठ अभियंता (जेई) और एक सहायक ग्रेड-1 कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। भ्रष्टाचार के आरोपों में संलिप्त पाए जाने के बाद बिजली कंपनी ने यह कार्रवाई की है।
तकरीबन 15 दिन पहले,भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ACB की टीम ने विशेष ऑपरेशन के दौरान सहायक अभियंता विजय नोरे, जेई राजेंद्र शुक्ला और सहायक ग्रेड-1 देवेंद्र राठौर को 35 हजार रुपये का रिश्वत लेते रेंग हाथों पकड़ा था।
इस कार्रवाई के बाद से ही विभाग पर सख्त कदम उठाने का दबाव बना हुआ था। विद्युत वितरण कंपनी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। कंपनी ने स्पष्ट किया है, विभाग में भ्रष्टाचार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निलंबन अवधि के दौरान तीनों कर्मचारियों का मुख्यालय अधीक्षण अभियंता कार्यालय, जगदलपुर निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। आदेश के अनुसार, निलंबन 20 मार्च से प्रभावी माना जाएगा और आगामी आदेश तक जारी रहेगा।



