छत्तीसगढ़

भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा पीएम ट्रॉफी छात्रवृत्ति पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन

Education Department of Bhilai Steel Plant organized PM Trophy Scholarship Award Distribution Ceremony

सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा 16 अक्टूबर, 2025 को महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर, भिलाई में प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति पुरस्कार समारोह 2024-25 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रधानमंत्री ट्रॉफी सेल मेरिट एवं मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार थे व विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संदीप माथुर, मुख्य महाप्रबंधक (नगर प्रशासन एवं निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व) श्री उत्पल दत्ता तथा महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन – ज्ञानार्जन एवं विकास) श्री संजीव श्रीवास्तव उपस्थित थे। इस अवसर पर मीडियाकर्मी, पुरस्कार विजेता विद्यार्थी तथा उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ व ईएमएमएस-सेक्टर 6 के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

इस वर्ष मेरिट एवं मेरिट-कम-मीन्स श्रेणियों में कुल 186 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 144 विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों में 42 छात्र-छात्राएँ अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग से हैं। तकनीकी और गैर-तकनीकी पाठ्यक्रमों के लिए 11,000 रुपये की छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त सेल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों के बच्चों में से एक छात्रा को तकनीकी क्षेत्र हेतु 3,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। इस वर्ष कुल 16.13 लाख रुपये की राशि छात्रवृत्ति के रूप में वितरित की गई। इन छात्रवृत्तियों का चयन कक्षा 12वीं के अंकों के आधार पर किया गया।

कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने छात्रवृत्ति प्राप्तकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि पीएम ट्रॉफी छात्रवृत्ति का उद्देश्य केवल आर्थिक सहयोग प्रदान करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, मनोबल एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने चुने हुए अध्ययन क्षेत्रों में उत्कृष्टता की मशाल को प्रज्ज्वलित रखते हुए अटूट समर्पण और दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ें।

शिक्षा विभाग की प्रमुख व महाप्रबंधक श्रीमती शिखा दुबे ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों एवं पुरस्कार विजेताओं का अभिनंदन करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संचालित मेरिट और मेरिट-कम-मीन्स जैसी छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ट्रॉफी छात्रवृत्ति भिलाई इस्पात संयंत्र की एक विशेष पहल है, जिसमें प्रधानमंत्री ट्रॉफी की पुरस्कार राशि से अर्जित ब्याज का एक हिस्सा योग्य मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के रूप में प्रदान किया जाता है। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्रीमती सजीता राजेश और वरिष्ठ शिक्षिका सुश्री महुवा चटर्जी ने किया एवं बीएसपी एसएसएस-10 की प्राचार्या श्रीमती सुमिता सरकार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

 

Related Articles

Back to top button