मनोरंजन

जेल में बंद अभिनेत्री रान्या राव पर ईडी की सख्ती

ED cracks down on jailed actress Ranya Rao

मुंबई । कन्नड़ एक्ट्रेस रान्या राव को 102 करोड़ रुपये के सोना तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी चार्जशीट में आरोपी बनाया है। यह चार्जशीट बेंगलुरु की विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत में दाखिल की गई है।

ईडी के अनुसार, इस तस्करी सिंडिकेट ने एक साल में 127 किलोग्राम से अधिक सोना भारत में अवैध रूप से मंगवाया और उसे देश के बाजार में हैंडलर्स और ज्वेलर्स के नेटवर्क के जरिए खपाया। मामले में रान्या राव के अलावा उनके कथित सहयोगी तरुण कोंडुरु और बेल्लारी के सोना कारोबारी साहिल सकारिया जैन को भी आरोपी बनाया गया है।

दुबई यात्रा और एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी का खुलासा

33 साल की रान्या राव, जो एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की सौतेली बेटी हैं। रान्या को पिछले साल बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 14.2 किलो सोना तस्करी करते हुए पकड़ा गया था। जांच एजेंसियों को उन पर शक तब हुआ जब 15 दिनों में उनकी यह चौथी दुबई यात्रा थी।

अधिकारियों ने उन्हें एयरपोर्ट के एग्जिट गेट के पास रोक लिया। कुछ सोना उन्होंने पहन रखा था, जबकि बाकी कपड़ों में छिपाया गया था। इसके बाद उनके घर की तलाशी में 2.06 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए।
प्रति किलो कमीशन और हवाला नेटवर्क का जाल

ईडी का आरोप है कि रान्या राव दुबई से बेंगलुरु सोना लाने के लिए प्रति किलो लगभग 4 से 5 लाख रुपये कमीशन लेती थीं। तस्करी से होने वाली कमाई नकद में होती थी और उसे भारत व विदेश में हवाला नेटवर्क के जरिए सेटल किया जाता था। जांच में एक संगठित और सुनियोजित तंत्र का खुलासा हुआ है।
डीआरआई का जुर्माना और वर्तमान स्थिति

इससे पहले राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने भी रान्या राव पर 102 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। फिलहाल रान्या राव बेंगलुरु सेंट्रल जेल में बंद हैं।

Related Articles

Back to top button