रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अमहिया थाना परिसर में संचालित गुरुकुल पाठशाला में महिला सशक्तिकरण को समर्पित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम रीवा पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह एवं सीएसपी रितु उपाध्याय के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों और स्थानीय महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। इस अवसर पर महिलाओं की समाज में बढ़ती भागीदारी, अधिकारों और सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं की उपलब्धियों को सराहा।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल सहित पुलिस स्टाफ और स्थानीय महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। इस दौरान शिक्षा, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन और समाजसेवा जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियां नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिला सम्मान, समानता और सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
