रायपुर। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और दर्ज जानकारी में सुधार कराने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) की समय-सारणी तय कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर यह प्रक्रिया होगी। इसके तहत प्रारूप मतदाता सूची 12 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी। नागरिक सूची में अपना नाम और अन्य जानकारी जांच सकेंगे।
प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर पात्र नागरिक उसे जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा नाम, पता या अन्य दर्ज जानकारी में गलती होने पर संशोधन के लिए भी आवेदन किया जा सकेगा। इसके लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान मतदाता सूची से जुड़ी दावा-आपत्तियां भी दर्ज कराई जा सकेंगी।
2 नवंबर तक मतदान केंद्रों का होगा युक्तियुक्तकरण
पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 2 नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे सूची में अपना नाम, पता और अन्य जानकारी ध्यान से जांच लें, ताकि मतदान के समय किसी तरह की परेशानी न हो।
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम सूची
दावा-आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में अपनी जानकारी जांचकर जरूरी आवेदन करें। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान करने के लिए जरूरी है। इसलिए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों को सूची में अपना नाम जरूर जांचना चाहिए।
