पैतृक जमीन के विवाद में दोहरा हत्याकांड भाई ने भाई और भाभी को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया अंधे कत्ल का खुलासा
Double murder over ancestral land dispute: Man kills brother and sister-in-law; police solve the blind murder case.
जिला संवाददाता मुंगेली
माखन सिंह
लोकेशन लोरमी
लोरमी। लोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवलपुर में हुए दंपति के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद और पुरानी रंजिश के चलते छोटे भाई नंदू कश्यप ने अपने ही भाई नंदकुमार कश्यप और उसकी पत्नी गौरी बाई की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक नंदकुमार कश्यप और आरोपी नंदू कश्यप के बीच करीब 50 डिसमिल पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद और रंजिश के चलते आरोपी ने कथित तौर पर रात करीब 8 बजे लोहे की कुदाली से नंदकुमार के सिर पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान मृतक की पत्नी ने आरोपी नंदू कश्यप को पहचान लिया था। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपनी भाभी के सिर पर भी कुदाली से प्राणघातक वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगाया और मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के नेतृत्व में लोरमी पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी नंदू कश्यप तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
लोरमी थाना में अपराध क्रमांक 265/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


