छत्तीसगढ़

AI से डरें नहीं, भविष्य गढ़ें : रजत बंसल

Don't fear AI, shape the future: Rajat Bansal

00 ज्ञान, संस्कार और संकल्प के साथ महंत कॉलेज में दीक्षारम्भ-2026 का भव्य आयोजन

00 महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका प्रवाह का विमोचन

रायपुर। महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालयीन जीवन, शैक्षणिक वातावरण और संस्थान की गतिविधियों से परिचित कराने के उद्देश्य से दीक्षारम्भ-2026 कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रजत बंसल, जनसंपर्क आयुक्त एवं विशेष सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री प्रमोद दुबे, पूर्व महापौर ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री रजत बंसल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा निर्धारित करने का महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए निरंतर सीखने, समय का सदुपयोग करने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री प्रमोद दुबे ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और जागरूक नागरिक बनना है। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गरिमामयी परंपराओं को आगे बढ़ाने तथा अपने आचरण से परिवार, महाविद्यालय और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने अपने उद्बोधन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश विद्यार्थियों के जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण यात्रा का शुभारंभ है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं मानवीय संवेदनाओं को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं को विकसित करने के लिए उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढऩे का संदेश दिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका प्रवाह का विमोचन भी किया गया। पत्रिका में महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। अतिथियों ने पत्रिका के प्रकाशन के लिए महाविद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ दीं। वक्ताओं ने गुरु के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में गुरु का मार्गदर्शन ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्यों की दिशा प्रदान करता है। गुरु के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि श्री रजत बंसल एवं अध्यक्ष श्री प्रमोद दुबे सहित विशिष्ट अतिथियों का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का गरिमापूर्ण संचालन प्रो. प्रीतम कुमार दास एवं कृतज्ञता ज्ञापन डॉ. किरण अग्रवाल ने किया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों, अनुशासन और विभिन्न अवसरों से परिचित होने का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्राध्यापक एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button