जिले में ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ का जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, 35 गांवों में बनेंगे सेवा केंद्र

District level orientation program of 'Adi Karmayogi Abhiyan' organized in the district, service centers to be built in 35 villages

जिला संवाददाता मुंगेली 
माखन सिंह 
मुंगेली – जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के तहत आज कलेक्ट्रेट स्थित मनिहारी सभा कक्ष में एक जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर कुंदन कुमार ने की।
इस अभियान का उद्देश्य अनुसूचित जनजातियों के विकास एवं कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है। यह कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के सिद्धांतों तथा ‘सेवा, समर्पण और संकल्प’ भावना से प्रेरित है।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार द्वारा जनजातीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए यह एक नई पहल है। इसके अंतर्गत जिले के तीनों विकासखंडों के 35 आदिवासी बाहुल्य ग्रामों को चिन्हित किया गया है, जहां वन स्टॉप “आदि सेवा केंद्र” की स्थापना की जाएगी।
इन 35 गांवों में रहने वाले 5,498 परिवारों के 22,890 से अधिक जनजातीय नागरिकों को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। सेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को जन सेवा केंद्र, रजिस्ट्री, शिकायत निवारण, तथा अन्य शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान आदिवासी समाज को मुख्यधारा से जोड़ने तथा शासन की योजनाओं का लाभ सीधे उनके द्वार तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Exit mobile version