छत्तीसगढ़

रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, कई घंटे चला हंगामा

Dispute erupts over making a reel; commotion continues for several hours.

रायपुर। रायपुर के काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी में दो समुदायों के बीच तुलसी के पौधे के पास रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में दो महिलाओं के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

रविवार को हुई इस घटना के विरोध में बुधवार रात को बजरंग दल के कार्यकर्ता सुअर लेकर बस्ती में पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार ब्लॉक नंबर-18 निवासी परमिला सेन ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके घर की बालकनी में पूजा के लिए तुलसी का गमला रखा हुआ है। रविवार रात करीब 8:30 बजे पड़ोस में रहने वाली फिरदोस बेगम के बच्चे तुलसी के गमले के पास रील बना रहे थे।

बच्चे गमले को पकड़कर हिला रहे थे, जिसका विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया। परमिला सेन ने बच्चों को ऐसा करने से मना करते हुए तुलसी के पौधे का सम्मान करने की समझाइश दी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद फिरदोस बेगम और उनकी बहन सलतनत बेगम घर से बाहर आ गईं, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ता चला गया। शिकायत के अनुसार, सलतनत बेगम डंडा लेकर मौके पर पहुंचीं और परमिला सेन के साथ मारपीट की।

वहीं, फिरदोस बेगम और मेहताब खान ने भी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

विवाद बढ़ता देख पड़ोस में रहने वाली पिंकी जार्ज बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन उन्हें भी चोटें आईं। आरोप है कि सलतनत बेगम ने डंडे से उनके सिर और नाक पर वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गईं।

पुलिस ने सलतनत बेगम, फिरदोस बेगम और मेहताब खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, बुधवार को विरोध जताने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता सुअर लेकर बस्ती में पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए माहौल शांत कराया। पुलिस का कहना है कि रील बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है, कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button