छत्तीसगढ़

निदेशक प्रभारी ने डायरेक्टर इंचार्ज ट्रॉफी 2025-26 की विजेता टीमों को सम्मानित किया

Director Incharge felicitates the winning teams of Director Incharge Trophy 2025-26

संयंत्र स्तरीय प्रतियोगिता डायरेक्टर इंचार्ज ट्रॉफी 2025-26 में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की टीमों को 05 मार्च 2026 को इस्पात भवन में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र द्वारा सम्मानित किया गया। डायरेक्टर इंचार्ज ट्रॉफी 2025-26 में सहायक महाप्रबंधक (एसएमएस-2) श्री अरिंदम कर, वरिष्ठ प्रबंधक (एसएमएस-2) श्री अनुप कुमार सिंह एवं वरिष्ठ प्रबंधक (एसएमएस-2) श्री के. पवन कुमार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मार्च 2026 में एमटीआई, रांची में आयोजित होने वाली सेल-स्तरीय अंतिम प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करने की पात्रता हासिल कर ली है।
साथ ही इस प्रतियोगिता में वरिष्ठ प्रबंधक (सीओसीसीडी) श्री चेतन अशोक फुटाणे, वरिष्ठ प्रबंधक (आरईडी) सुश्री फिलोमिना एक्का, उप प्रबंधक (पीआरडी) सुश्री शालिनी चौरसिया की टीम ने प्रथम उपविजेता तथा वरिष्ठ प्रबंधक (एसएमएस-3) श्री भावनीत कृष्णा, वरिष्ठ प्रबंधक (मैकेनिकल सर्विसेज) श्री हिमांशु वर्मा, सहायक महाप्रबंधक (डब्ल्यूएमडी) श्री अजय नाथ जी पिल्लई की टीम ने द्वितीय उपविजेता का ख़िताब अपने नाम किया।
“वर्किंग टूगेदर एस वन सेल : कोलैबोरेट, परफॉर्म एंड एक्सेल” विषय पर युवा प्रबंधकों के लिए आयोजित निदेशक प्रभारी ट्रॉफी 2025-26 के विजेताओं को भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र और कार्यपालक निदेशकों ने बधाई दी और उन्हें सम्मानित किया।
स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में युवा प्रबंधकों के मध्य प्रबंधकीय उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष डायरेक्टर-इन-चार्ज ट्रॉफी एवं चेयरमैन ट्रॉफी फॉर यंग मैनेजर्स (सीटीवाईएम) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष आयोजित संयंत्र स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) श्री पी के सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (खदान), सीएमएलओ श्री कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट), सीएमएलओ श्री अरुण कुमार, कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री के सी मिश्रा उपस्थित थे। साथ ही उपस्थित मुख्य महाप्रबंधक, महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारीगणों ने भी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी।
पुरस्कार विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने कहा कि यह उपलब्धि कर्मचारियों की सुदृढ़ टीम भावना, समर्पण और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों ने संगठन की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है। श्री महापात्र ने सभी विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे आगे भी इसी उत्साह, प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।
प्रतियोगिता के अंतर्गत शोध-पत्र (60 प्रतिशत वेटेज) का मूल्यांकन महाप्रबंधक (प्लेट मिल) श्री सी. श्रीनिवास सेशु, महाप्रबंधक (एसएमएस-3) सुश्री पुष्पा एम्ब्रोस तथा महाप्रबंधक (एमडब्ल्यूआरएम) सुश्री अनुपमा कुमारी की तीन सदस्यीय समिति द्वारा किया गया। वहीं 40 प्रतिशत वेटेज वाले प्रतियोगिता के प्रस्तुतिकरण राउंड का मूल्यांकन 22 जनवरी 2026 को गठित टीम, जिसमें कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (बीआरएम) श्री योगेश शास्त्री तथा सहायक प्राध्यापक, आईआईएम रायपुर डॉ. राजीव ए. शामिल थे, द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संयोजन महाप्रबंधक प्रभारी (एचआर–एलएंडडी) श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत विजेता, प्रथम उपविजेता एवं द्वितीय उपविजेता टीमों के प्रत्येक सदस्यों को क्रमशः ₹15,000, ₹10,000 एवं ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त शेष सात टीमों के सदस्यों को प्रोत्साहन स्वरूप ₹2,000 प्रति सदस्य की राशि भी प्रदान की गई। अब डायरेक्टर इंचार्ज ट्रॉफी 2025-26 की विजेता टीम एमटीआई, रांची में आयोजित होने वाली सेल स्तरीय प्रतियोगिता “चेयरमैन ट्रॉफी फॉर यंग मैनेजर्स 2025-26” में भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करेगी।
उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र की टीमों ने अब तक इस प्रतिष्ठित सीटीवाईएम ट्रॉफी को नौ बार (2004–05, 2007–08, 2009–10, 2013–14, 2014–15, 2016–17, 2020–21, 2021–22 एवं 2023–24) जीतने का गौरव प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त संयंत्र की टीमों को सात बार (2006–07, 2008–09, 2010–11, 2015–16, 2018–19, 2022–23 एवं 2024–25) उपविजेता का स्थान भी प्राप्त हुआ है। इस प्रकार अब तक आयोजित 21 प्रतियोगिताओं में से 16 बार भिलाई इस्पात संयंत्र की टीमों ने शीर्ष दो स्थानों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा प्रबंधकों में रीडिंग और प्रबंधन अवधारणाओं द्वारा उनके आत्म-विकास को प्रोत्साहित करना है। सेल स्तर पर विजेता एवं प्रथम उप विजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को क्रमशः 30,000 तथा 20,000 रुपये के नकद पुरस्कार, ट्राफी व प्रशस्ति पत्र के साथ एक विदेशी इस्पात संयंत्र का 3 दिवसीय दौरा करने का अवसर प्राप्त होता है। सेल स्तर पर द्वितीय उपविजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को 15,000 रुपये के नकद पुरस्कार के साथ ट्राफी व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

Related Articles

Back to top button