छत्तीसगढ़

मित्तल हॉस्पिटल को 90 हजार लौटाने के निर्देश

Directive issued to Mittal Hospital to refund ₹90,000.

रायपुर। आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के बावजूद मरीज से अतिरिक्त राशि लेने के मामले में राज्य नोडल एजेंसी ने राजधानी के मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, रायपुर को 3 महीने के लिए योजना से निलंबित कर दिया है।

अस्पताल को मरीज के रिश्तेदार से सर्जरी के नाम पर लिए गए 90 हजार रुपए लौटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, मरीज अल्बर्ट एक्का के परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अतिरिक्त पैसे लेने की शिकायत की थी।

मामले की जांच संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, रायपुर संभाग ने की। जांच में सामने आया कि अस्पताल ने दवाइयों के लिए 15,226 रुपए और सर्जरी के लिए 90 हजार रुपए वसूले थे।

सर्जरी के 90 हजार अब भी बाकी

जांच के बाद अस्पताल ने दवाइयों के लिए ली गई 15,226 रुपए की राशि चेक के माध्यम से मरीज के रिश्तेदारों को वापस कर दी। हालांकि, सर्जरी के लिए लिए गए 90 हजार रुपए अब तक वापस नहीं किए गए हैं।

इसी आधार पर राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को आयुष्मान योजना से 3 महीने के लिए निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में अस्पताल योजना के तहत नए मरीज भर्ती नहीं कर सकेगा।

दोबारा गड़बड़ी पर दी चेतावनी

पहले से भर्ती मरीजों का उपचार पूरा कर उन्हें डिस्चार्ज किया जा सकेगा। साथ ही अस्पताल को योजना से जुड़ी सभी प्रचार-प्रसार सामग्री परिसर से हटाने और भविष्य में इस तरह की अनियमितता नहीं दोहराने की चेतावनी दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button