बलरामपुर/(शोएब सिद्दिकी) नगर के धनंजय ज्वेलर्स में कुछ दिनों पूर्व हुई चोरी के मामले में बलरामपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता के बाद बरामद किए गए सोने-चांदी के आभूषण बुधवार को विधिवत प्रक्रिया पूरी कर दुकान संचालक को सुपुर्द कर दिए गए।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देश पर थाना प्रभारी भापेंद्र साहू के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा मामले की लगातार जांच की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए थे।
न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बरामद आभूषण धनंजय ज्वेलर्स के संचालक को सौंपे गए। अपने कीमती आभूषण वापस मिलने पर संचालक ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
वहीं सोनार समाज के लोगों ने भी बलरामपुर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर चोरी हुए आभूषणों को बरामद कर व्यापारियों का विश्वास मजबूत किया है। समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, थाना प्रभारी भापेंद्र साहू एवं पूरी पुलिस टीम को धन्यवाद दिया।
