मध्यप्रदेश

देवतालाब, बनारस और प्रयागराज धार्मिक क्षेत्र का अनूठा त्रिकोण हैं – मुख्यमंत्री

Devtalaab, Banaras and Prayagraj are a unique triangle of religious region - Chief Minister

रीवा- मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा

देवतालाब, बनारस और प्रयागराज धार्मिक क्षेत्र का अनूठा त्रिकोण हैं – मुख्यमंत्री
देवतालाब शिव मंदिर में होगा शिवलोक का निर्माण, मऊगंज जिले को 241 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को देवतालाब स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा में मऊगंज जिले और देवतालाब विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात दी। उन्होंने देवतालाब शिव मंदिर में शिवलोक निर्माण, देवतालाब व नईगढ़ी में नए तहसील भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, शासकीय महाविद्यालय में ऑडिटोरियम एवं अतिरिक्त कक्ष, अनुसूचित जाति-जनजाति विद्यार्थियों के लिए दो छात्रावास, अष्टभुजी माता मंदिर का सौंदर्यीकरण एवं टीपा बदोर से गढ़वा रोड तक 11 किमी सड़क निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवतालाब, बनारस और प्रयागराज मिलकर एक अनूठा धार्मिक त्रिकोण बनाते हैं। उन्होंने कहा कि देवतालाब शिव मंदिर के दर्शन से ही चारधाम यात्रा पूर्ण मानी जाती है।

बहुती प्रपात बनेगा पर्यटन हब
पर्यटन विकास निगम द्वारा बहुती प्रपात का विकास कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बनारस से आए लोक कलाकारों को ₹25,000, लोकनृत्य दल के प्रत्येक सदस्य को ₹5,000 और गायिका राखी द्विवेदी को ₹50,000 देने की घोषणा की।

लाडली बहनों को बड़ी खुशखबरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीवाली के बाद लाडली बहना योजना की राशि ₹1500 प्रतिमाह कर दी जाएगी।

हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना से सिंचित होंगे 1.40 लाख हेक्टेयर खेत
सीएम ने बताया कि ₹6000 करोड़ की इस परियोजना से रीवा, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज के खेतों में पानी पहुंचेगा।

रीवा का सौर ऊर्जा प्लांट देश को रोशन कर रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा सोलर प्लांट से दिल्ली की मेट्रो दौड़ रही है और मऊगंज के घुरेहटा में बाबा रामदेव की पतंजलि संस्था ₹1000 करोड़ से कृषि-आधारित उद्योग लगाएगी, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का संबोधन
उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में मऊगंज में तेजी से विकास हो रहा है। अब हर खेत तक पानी पहुंचेगा और इंडस्ट्रियल-पर्यटन कॉन्क्लेव से विंध्य में उद्योगों का द्वार खुला है।”

समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, प्रभारी मंत्री लखन पटेल, विधायकगण, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button