रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को बसामन मामा गौ अभ्यारण्य पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रदेश का पहला गौ अभ्यारण्य माने जाने वाले इस केंद्र में लगभग आठ हजार गौवंश को आश्रय मिला हुआ है। श्री शुक्ल ने गौवंश की सेवा हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गायों को गुड़-चना खिलाकर गौ-पूजा भी की।
निर्माण कार्यों की समीक्षा
गौशाला के प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने अभ्यारण्य में जारी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएँ।
उन्होंने कहा कि गौ अभ्यारण्य न केवल निराश्रित और असहाय गायों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करता है, बल्कि गोबर से खाद और अन्य उत्पादों के निर्माण का एक महत्वपूर्ण केंद्र भी बन रहा है।
ठंड से बचाव और स्वास्थ्य जांच के निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए गायों के संरक्षण के लिए समुचित इंतजाम किए जाएं। साथ ही पशु चिकित्सकों को नियमित रूप से गौवंश की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल, सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक डॉ. राजेश मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
