रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास – उप मुख्यमंत्री
स्वामी विवेकानंद जी की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में रीवा में उल्लासपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर मार्तण्ड स्कूल क्रमांक-1 के मैदान में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं के साथ प्राणायाम कर उपस्थित जनसमूह को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, मनगवां विधायक इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत श्री मेहताब सिंह गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। जब व्यक्ति स्वस्थ और प्रसन्न रहता है, तब वह अपने लक्ष्यों को आसानी से प्राप्त कर सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयासरत रहें। सूर्य नमस्कार को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने से व्यक्ति निरोगी रहता है और बीमारियां दूर रहती हैं।
उप मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को आत्मसात कर अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज और देशहित में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता मिलने पर अहंकार और असफलता मिलने पर निराशा नहीं होनी चाहिए। जीवन में आने वाली चुनौतियों का धैर्यपूर्वक सामना करना ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे की राह पर चली गई तो विकास की सारी कोशिशें व्यर्थ हो जाएंगी। इस दौरान उन्होंने नशे के विरुद्ध रीवा जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने अल्पायु में ही विश्व स्तर पर भारत की पहचान स्थापित की। उनकी यह भविष्यवाणी कि भारत विश्वगुरु बनेगा, आज साकार होती दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत 21वीं सदी में तेजी से आगे बढ़ते हुए आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों को अपनाकर राष्ट्रीय युवा दिवस के उद्देश्य को सार्थक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि योग हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। नियमित योग और प्राणायाम से व्यक्ति स्वस्थ और ऊर्जावान रहता है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरी निष्ठा और मनोयोग से अपने कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दी
