रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा जिले के जवा विकासखंड में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की योजना को तय समय सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह तक जवा विकासखंड के सभी 419 ग्रामों के प्रत्येक घर में स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
अतरैला स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) स्थल पर आयोजित समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना ग्रामीण जीवन की दिशा बदलने वाली योजना है। इसके माध्यम से गांवों में भी शहरों की तरह घरों तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से लोगों को राहत मिलेगी। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जून से दिसंबर तक चरणबद्ध तरीके से गांवों में जलापूर्ति शुरू की जाए। इसके लिए जल टंकियों के निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेज गति से पूरा किया जाए। बैठक के दौरान उन्होंने इंटेकवेल, डब्ल्यूटीपी और जल टंकियों के निर्माण की अद्यतन प्रगति की जानकारी भी विभागीय अधिकारियों से ली।
उन्होंने यह भी कहा कि अतरैला सहित अन्य स्थानों पर पाइपलाइन के लिए की गई खुदाई को दो दिन के भीतर व्यवस्थित कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को असुविधा न हो। साथ ही वन विभाग से आवश्यक अनुमति के लिए सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में सांसद जनार्दन मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को तेज गति से काम करने और अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। वहीं दिव्य राज सिंह ने भी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन दिया। जल निगम के महाप्रबंधक चित्रांशु ने बैठक में जानकारी दी कि जून तक 33 ग्रामों, सितंबर तक 229 ग्रामों और दिसंबर तक सभी 419 ग्रामों में घर-घर स्वच्छ जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यों के लिए भूमि दान देने वाले दानदाताओं का सम्मान भी किया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, जिला पंचायत सदस्य पूर्णिमा तिवारी, जनपद अध्यक्ष रवीना साकेत, उप मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि राजेश पांडेय, एसडीएम पीयूष भट्ट, तहसीलदार जितेंद्र तिवारी, त्रियुगीनारायण शुक्ल सहित जल निगम के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री ने जोन्हा स्थित इंटेकवेल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
