मध्यप्रदेश
विश्व महिला दिवस पर उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं को किया सम्मानित “जहां नारियों की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है” – उप मुख्यमंत्री
Deputy Chief Minister honored women on International Women's Day “Where women are worshipped, gods reside there” – Deputy Chief Minister

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा

रीवा। विश्व महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शासकीय पीएम श्री आदर्श विज्ञान महाविद्यालय के सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि वैदिक काल से ही भारतीय समाज में नारी को परिवार और समाज में विशेष स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि वैदिक ग्रंथों में उल्लेख है कि जहां नारियों की पूजा होती है, वहां देवताओं का वास होता है। महिलाओं का सम्मान करने से समाज में समृद्धि और सुख-शांति आती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत आरक्षण तथा नगरीय निकायों एवं पंचायत राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है, उन्हें अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में अपनी योग्यता साबित कर रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा महिला स्व-सहायता समूहों को वित्तीय सहायता जैसी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं राजनीतिक, प्रशासनिक, सैन्य सहित हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। देश के सर्वोच्च पद पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कार्य करना भी नारी शक्ति के सम्मान को बढ़ाने वाला है।
उन्होंने बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को हर महीने मिलने वाली 1500 रुपये की राशि से उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता मिल रही है और वे परिवार की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी कर पा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से हुई, जिसमें उप मुख्यमंत्री ने कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, मुख्य अभियंता विद्युत वितरण कंपनी प्रमा पाण्डेय, डॉ. मीनाक्षी मिश्रा, ममता नरेन्द्र सिंह, लोक गायिका मणिमाला सिंह, तुलसा दुबे, डॉ. केशकली तिवारी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा तिवारी, विभा श्रीवास्तव, ज्योत्सना श्रीवास्तव, सीमा सिंह सहित अन्य महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष रीवा संगीता यादव, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, राजेश यादव, प्राचार्य डॉ. आरएन तिवारी, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास शशिश्याम उइके, कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह, परियोजना अधिकारी जीवेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने किया।



